बड़ौदामेव मे कलयुगी बेटे ने कुल्हाड़ी से मां-बाप पर किया ताबड़तोड़ हमला; मां के पैर से चांदी का कड़ा ले हुआ फरार
बड़ौदामेव (अलवर) नशे की हालत में बेटे ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर माता-पिता की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जब दोनों सुबह से बाहर नहीं निकले तो आसपास के लोगों ने अंदर जाकर देखा तो दोनों लहूलुहान हालत में पलंग पर पड़े थे। घटना अलवर जिले के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र के गांव हादरहेडा़ की है।
थाना अधिकारी विजयपाल सिंह ने बताया- सुबह 11:30 बजे सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के गांव हादरहेड़ा में बुजुर्ग दंपती के घर में शव पड़े हैं। सूचना टीम मौके पर पहुंची। जहां मृतकों की पहचान हरिराम जाटव (70) और शांति देवी (65) के रूप में हुई।

पुलिस ने बताया कि मामले को लेकर दंपती के बड़े बेटे मोहरपाल ने रिपोर्ट दी है। जिसमें बताया कि सुबह 11 बजे उसे फोन पर गांव वालों से सूचना मिली कि घर में उसके माता पिता लहूलुहान हालत में पड़े हैं। इस पर वह अपने पत्नी और बच्चों को लेकर अलवर से गांव पहुंचा। इस दौरान मौके से उसका छोटा भाई ओमप्रकाश (26) गायब था।
मां के पैर से चांदी का कड़ा ले गया - मोहरपाल ने बताया-ओमप्रकाश शराब का आदी है। वह आए दिन माता-पिता से मारपीट करता रहता था। रात में सोते समय ओमप्रकाश ने कुल्हाड़ी से सिर पर हमला कर दोनों की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
सुबह जब घर से कोई बाहर नहीं आया तो गेट खुला देखकर आस-पास के लोगों ने अंदर जाकर देखा। जहां माता-पिता पलंग पर मृत हालत में पड़े थे। ओमप्रकाश मां के पैर से चांदी का कड़ा भी ले गया।
बड़ा बेटा परिवार के साथ अलवर में रहता है
मोहरपाल ने बताया कि वह अलवर में मिस्त्री का काम करता है। उसकी पत्नी और बच्चे उसके साथ अलवर में ही रहते हैं। ओमप्रकाश अविवाहित था।
सिर पर किए वार
थाना अधिकारी विजयपाल सिंह ने बताया-सूचना के बाद मौके पर एफएसएल टीम से सैंपल लिए हैं।
घर के अंदर दोनों के शव मिले, दोनों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। दंपति के बड़े बेटे ने अपने छोटे भाई के खिलाफ रिपोर्ट दी है, आरोपी की तलाश की जा रही है। प्रथम दृष्टया दोनों पर सोते समय हमला किया गया है। बाकी मामले का खुलासा पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने के बाद होगा।