पेंशन सत्यापन में खैरथल-तिजारा जिला पीछे, अब भी 36 हजार से ज्यादा पेंशनरों ने सत्यापन नहीं करवाया
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत पंजीकृत कुल 1 लाख 9 हजार 516 पेंशनरों में से अब तक केवल 72 हजार 988 का ही सत्यापन हो पाया है। यानी जिले में पेंशन सत्यापन की स्थिति 66.65 प्रतिशत हुई है। जबकि 36 हजार 528 पेंशनर ने अब तक सत्यापन नहीं कराया है। सत्यापन करवाने के लिए केवल 10 दिन शेष बचे हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में पेंशनरों की संख्या सबसे अधिक है। ग्रामीण इलाके में कुल 94 हजार 386 पेंशनर हैं, जिनमें से 62 हजार 701 (66.43%) का सत्यापन हुआ है, जबकि 31 हजार 685 पेंशनर अब भी सत्यापन से बाहर हैं। ब्लॉकवार स्थिति देखें तो तिजारा ब्लॉक में हालात सबसे खराब हैं। यहां कुल 32 हजार 41 पेंशनरों में से केवल 17 हजार 730 (55.34%) का ही सत्यापन हो सका है। तिजारा में ही 14 हजार 311 पेंशनर अब भी अप्रमाणित हैं, जो जिले में सबसे ज्यादा हैं। इसके मुकाबले मुंडावर ब्लॉक में सत्यापन की स्थिति बेहतर रही। यहां 27 हजार 434 पेंशनरों में से 20 हजार 889 (76.14%) का सत्यापन पूरा किया जा चुका है।
कोटकासिम में 74.44 प्रतिशत और किशनगढ़ बास में 64.09 प्रतिशत पेंशनरों का सत्यापन हुआ है। जिले के शहरी क्षेत्रों में कुल 15 हजार 130 पेंशनर पंजीकृत हैं। इनमें से 10 हजार 287 यानी 67.99% पेंशनर्स का सत्यापन हो चुका है, जबकि 4 हजार 843 पेंशनर अभी भी अप्रमाणित हैं। शहरी निकायों में खैरथल नगर पालिका 74.22 प्रतिशत सत्यापन के साथ बेहतर स्थिति में है। वहीं टपूकड़ा नगर पालिका सबसे पीछे है, जहां केवल 40.58 प्रतिशत पेंशनरों का ही सत्यापन हो सका है। 75 वर्ष से कम आयु वर्ग सबसे ज्यादा अप्रमाणित पेंशनरों में 75 वर्ष से कम आयु के 28 हजार 927 पेंशनर शामिल हैं। इसके अलावा 75 से 99 वर्ष आयु वर्ग के 7 हजार 516 तथा 99 वर्ष से अधिक आयु के 85 पेंशनर भी सत्यापन से वंचित हैं।
ऑनलाइन चेक कर सकते हैं स्टेटस - गांव के ई-मित्र केंद्र पर जाकर जनाधार के माध्यम से स्टेटस देखें। ऑनलाइन पोर्टल RajSSP पोर्टल या जन सूचना पोर्टल पर जाकर अपना पीपीओ नंबर डालकर भुगतान की स्थिति देख सकते हैं। इस वर्ष का बायोमेट्रिक या फेस रिकग्निशन सत्यापन नहीं करवाया है, तो पेंशन रुक सकती है। इसे पूरा करवाएं।
इस संबंध में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग जिला खैरथल - तिजारा के उपनिदेशक राकेश दहमीवाल ने बताया कि सत्यापन नहीं कराने वाले पेंशनरों की पेंशन अस्थायी रूप से रोकी जा सकती है। ऐसे में विभाग पेंशनरों से जल्द से जल्द सत्यापन कराने की अपील कर रहा है, ताकि किसी पात्र लाभार्थी को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।