सिंधु प्रेस क्लब (SPC) का गठन, दिनेश माखीजा अध्यक्ष और प्रमोद केवलानी महासचिव मनोनीत

सामाजिक सरोकारों और पत्रकारिता के संगठनात्मक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम

Sep 7, 2025 - 11:44
 0
सिंधु प्रेस क्लब (SPC) का गठन, दिनेश माखीजा अध्यक्ष और प्रमोद केवलानी महासचिव मनोनीत

खैरथल (हीरालाल भूरानी ) खैरथल के मातोर रोड स्थित एक निजी होटल में खैरथल, किशनगढ़बास और मुंडावर क्षेत्र के सिंधी समाज से जुड़े पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक केवल एक औपचारिक संवाद नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, पत्रकारिता की दशा-दिशा और संगठनात्मक मजबूती की दृष्टि से एक ऐतिहासिक पहल साबित हुई। बैठक का उद्देश्य समाज में सक्रिय पत्रकारों को एक साझा मंच प्रदान करना, पत्रकारों की समस्याओं पर विचार-विमर्श करना और समाज हित में कार्य करने के लिए एक सशक्त संगठन का निर्माण करना था।
बैठक की शुरुआत समाज में शिक्षा, प्रतिभा प्रोत्साहन, सामाजिक मूल्यों के संरक्षण, ऐतिहासिक धरोहरों की जानकारी तथा सामाजिक एकता जैसे विषयों पर संवाद से हुई। उपस्थित पत्रकारों ने समाज में अपनी सक्रिय भूमिका को रेखांकित करते हुए एक स्थायी, संगठित और उद्देश्यपूर्ण संस्था की आवश्यकता पर बल दिया। इसी क्रम में सिंधु प्रेस क्लब (SPC) के गठन का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सभी पत्रकारों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया।
क्लब के गठन के साथ ही अध्यक्ष और महासचिव के चयन की प्रक्रिया भी सम्पन्न हुई। वरिष्ठ पत्रकार दौलत भारती (किशनगढ़बास), नारायण दास मनवानी (मुंडावर), कमलेश पमनानी (किशनगढ़बास), लोकेश रोघा (मुंडावर) और नरेश गुनानी (किशनगढ़बास) ने दिनेश माखीजा को अध्यक्ष एवं प्रमोद केवलानी को महासचिव पद हेतु प्रस्तावित किया। इस प्रस्ताव का संजय लालवानी,रूपचंद भारती, हीरु हरवानी और सुनील बत्रा सहित सभी उपस्थित सदस्यों ने मेज थपथपाकर समर्थन किया और दोनों को सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया।इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार दौलत भारती, नारायण दास मनवानी, कमलेश पमनानी, लोकेश रोघाऔर नरेश गुनानी ने कहा की “सिंधु प्रेस क्लब का गठन समाज की सकारात्मक दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। यह मंच न केवल पत्रकारों को संगठित करेगा, बल्कि समाज में सही सूचनाओं के संप्रेषण और जनजागरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हम इस सराहनीय प्रयास के लिए सभी को बधाई देते हैं और सिंधी समाज से अपील करता है कि वे एकजुट होकर इस मुहिम का हिस्सा बनें और समाज निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
नवनियुक्त अध्यक्ष दिनेश माखीजा ने अपने वक्तव्य में कहा, “सिंधु प्रेस क्लब केवल पत्रकारों का संगठन नहीं, बल्कि एक विचार है—जो समाज में पत्रकारों की भूमिका को सम्मान, जिम्मेदारी और प्रभाव के साथ प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा। हम पत्रकारों को संगठित कर ऐसा मंच देंगे, जो उनकी आवाज़ को बुलंद करे और सामाजिक निर्माण में प्रभावी भूमिका निभाए।” उन्होंने यह भी कहा कि क्लब भविष्य में शिक्षा, समाज सेवा और सांस्कृतिक आयोजनों में भी भागीदारी करेगा।
वहीं महासचिव प्रमोद केवलानी ने कहा, “पत्रकारिता अब तकनीकी युग में प्रवेश कर चुकी है। केवल लेखन ही नहीं, बल्कि डिजिटल दक्षता, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और सामाजिक उत्तरदायित्व को लेकर सजग रहना जरूरी है। सिंधु प्रेस क्लब पत्रकारों के लिए प्रशिक्षण, संसाधन और नेटवर्किंग का एक सशक्त केंद्र बनेगा, जो समाज की सकारात्मक छवि को भी उजागर करेगा।”
वरिष्ठ पत्रकार संजय लालवानी ने क्लब की आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि SPC न केवल स्थानीय, बल्कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कार्य करने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने बताया कि विभिन्न पत्रकार संगठनों से संवाद की प्रक्रिया जारी है, जिससे समाजहित में बड़े पैमाने पर पहल की जा सके।
बैठक में दौलत भारती, नारायण दास मनवानी, कमलेश पमनानी, नरेश गुनानी, संजय लालवानी, लोकेश रोघा, रूपचंद भारती, हीरालाल भूरानी, सुनील बत्रा, हीरु हरवानी, किशनलाल रोघा, आशीष रोघा, विन्नी भारती, अटल कुमार लेखवानी और रवि दासवानी सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने अपने विचार साझा किए और सिंधु प्रेस क्लब की स्थापना को सिंधी समाज की पत्रकारिता के क्षेत्र में एक सकारात्मक, ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय बताया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................