गोविंदगढ़ में साइबर ठगी के दो आरोपी गिरफ्तार:पागसेड़ी गांव के जंगल में दबिश देकर पकड़ा, फोन और दो सिम बरामद
गोविंदगढ़ में पुलिस ने ऑनलाइन ठगी और सेक्सटॉर्शन के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये कार्रवाई 'साइबर संग्राम अभियान' के तहत की गई। पुलिस ने आरोपियों से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) कांबले शरण गोपीनाथ और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. प्रियंका के निर्देशन में एक टीम गठित की गई थी।
गोविंदगढ़ थानाधिकारी धर्मसिंह के नेतृत्व में इस टीम ने सूचना तंत्र और तकनीकी साधनों का उपयोग करते हुए पागसेड़ी गांव के जंगल में दबिश दी।
दबिश के दौरान, पुलिस ने सोशल मीडिया एप्लिकेशन पर वीडियो कॉल के जरिए सेक्सटॉर्शन कर ऑनलाइन ठगी करने वाले दो आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जुल्ली (27) पुत्र हाकम और कप्तान (25) पुत्र हाकम के रूप में हुई है। ये दोनों पागसेड़ी, गोविंदगढ़, अलवर के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, ये आरोपी ऑनलाइन ठगी, ओएलएक्स फ्रॉड, म्यूल अकाउंट, फर्जी एटीएम और फर्जी सिम (पीओएस) जैसे विभिन्न साइबर अपराधों में भी शामिल थे। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।