गिल्ली-डंडे के विवाद में 6 लोगों के सिर फोड़े: 50 लोगों ने पूरे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला किया, 3 की हालत गंभीर
टपूकड़ा के गांव में बच्चों के मामूली विवाद में बड़ा खूनी संघर्ष हो गया। एक परिवार ने दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें एक ही परिवार के महिला सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से तीन की हालत नाजुक होने पर उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना टपूकड़ा क्षेत्र के खुशखेड़ा थाना इलाके के गांव भोकर की है।

घायलों के परिजन ताहिर खान ने बताया- भोकर गांव निवासी इकरामु के बच्चे शुक्रवार देर शाम गांव में गिल्ली-डंडा खेल रहे थे। इसी दौरान गिल्ली पड़ोसी को लग गई, जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। रात में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था और मामला शांत हो गया था।
शनिवार सुबह अचानक किया हमला
शनिवार सुबह अचानक पड़ोसी शहाबुद्दीन के परिवार के लोगों ने इकरामु के परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सबसे पहले हमला परिवार के साबिर पर हुआ। जो दूध लेने जा रहा था, तभी आरोपियों ने हमला कर दिया। बचाने आए परिवार के अन्य सदस्यों को भी लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। इस हमले में इसराइल, शौकीन, मनीष, इकरामु, नाजुद्दीन सहित कुल छह लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल इसराइल, शौकीन और मनीष को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया जहां उनका इलाज जारी है।
करीब 50 लोगों ने किया हमला
पीड़ित पक्ष के ताहिर ने बताया- हमले में पड़ोसी साहबुद्दीन, काला, सफीक, साजिद, सलीम, हबीब, समीर, भुल्लर और शाहिद समेत करीब 50 लोग शामिल थे। घटना की सूचना मिलते ही खुशखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

