रामगढ़ थाना क्षेत्र मे दबिश के दौरान पुलिस पर पथराव, 04 महिलाएँ सहित 07 आरोपी हिरासत में
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोटा खुर्द में दबिश के दौरान पुलिस टीम पर पथराव करने के मामले में चार महिलाओं सहित सात अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया है। एडिशनल एसपी गोविंद शरण कांबले ने बताया कि 23 जनवरी 2026 को पांडिचेरी से आई पुलिस टीम साइबर क्राइम के एक वांछित आरोपी की तलाश में अलवर पहुंची थी। स्थानीय सहयोग के लिए पुलिस थाना रामगढ़ की टीम भी साथ रही।
दबिश के दौरान वांछित आरोपी और उसके परिजनों ने पुलिस टीम पर अचानक पत्थराव शुरू कर दिया, जिससे पुलिस वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस ने मौके से सात लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए अभियुक्तों में ईशा पुत्र नूरू, सलामूदीन पुत्र दीन मोहम्मद, जावेद पुत्र असरू निवासी कोटा खुर्द, थाना रामगढ़, जिला अलवर तथा चार महिलाएँ शामिल हैं। शरण कांबले ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध राजकार्य में बाधा उत्पन्न करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और वांछित आरोपी की तलाश जारी है।