आंगनवाड़ी केंद्र में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस, पार्षद ने फहराया तिरंगा
तखतगढ़ (बरकत खान) नगरपालिका तखतगढ़ के वार्ड 07 मे 77 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर खेड़ावास स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में देशभक्ति के रंग में सराबोर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद सुरेश सुथार ने ध्वजारोहण किया और बच्चों के साथ मिलकर राष्ट्रगान गाया।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कंकू रावल,सहायिका नगीना बानू,आशा सहयोगिनी भाविका अरोड़ा,समाजसेवी अंबालाल माली,मातृशक्ति एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। नन्हे बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल देशप्रेम से ओतप्रोत हो गया।
पार्षद सुरेश सुथार ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों की पहली पाठशाला है, जहां संस्कार और शिक्षा की नींव रखी जाती है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को मिष्ठान वितरण किया गया तथा सभी ने एकजुट होकर देश की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लिया


