खरसनकी-जौहरी का बास सड़क निर्माण को मिली स्वीकृति: टेंडर प्रक्रिया पूरी हुई, अब जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
लक्ष्मणगढ़ (कमलेश जैन) अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में खरसनकी से जौहरी का बास तक सड़क निर्माण को वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इस परियोजना से आसपास के गांवों और ढाणियों के हजारों लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मुकेश कुमार मीना ने बताया- जालूकी मुख्य सड़क मार्ग से खरसनकी गांव तक डेढ़ किलोमीटर सड़क का निर्माण 30 लाख रुपए की लागत से होगा। वहीं, बाढ़ गुर्जर खोहरा से जौहरी का बास तक डेढ़ किलोमीटर सड़क पर 45 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
राज्य सरकार ने इस निर्माण कार्य के लिए वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। विभाग के अनुसार, सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र ही शुरू किया जाएगा।
लंबे समय से इन मार्गों की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के मौसम में रास्ते कीचड़ और गड्ढों से भर जाते थे, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता था।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे लोगों को बाजार, स्कूल और अस्पताल तक पहुंचने में आसानी होगी, जिससे छात्रों और किसानों को विशेष लाभ मिलेगा।