चलती बस में चला ट्रिगर, भरतपुर में ERT हेड कांस्टेबल को लगी गोली, पेट के आर-पार निकली, जयपुर रेफर
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब ड्यूटी पर जा रही इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (ERT) के एक हेड कांस्टेबल को चलती बस में ही गोली लग गई। गोली उनके पेट में लगकर आर-पार निकल गई, जिससे बस में सवार पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, ERT की टीम RAC पुलिस लाइन से कुम्हेर गेट पॉइंट पर ड्यूटी के लिए सरकारी बस से रवाना हुई थी। बस में करीब 20 से 25 पुलिस जवान सवार थे। इसी दौरान हेड कांस्टेबल विष्णु कुमार निवासी कागारौल, आगरा अपनी सीट पर बैठे थे और उनकी पिस्टल कमर में लगी हुई थी।
बताया जा रहा है कि पिस्टल के चुभने पर उन्होंने उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन पिस्टल पहले से कॉक अवस्था में थी। जैसे ही ट्रिगर दबा, अचानक गोली चल गई और उनके पेट को चीरते हुए बाहर निकल गई।
घटना के तुरंत बाद घायल हेड कांस्टेबल को आरबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका सिटी स्कैन किया और उन्हें सर्जिकल आईसीयू में भर्ती किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही मथुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस का मुआयना किया। पुलिस ने उस सीट की जांच की, जहां घायल हेड कांस्टेबल बैठे थे। साथ ही संबंधित पिस्टल को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
7वीं RAC के कमांडेंट देवेंद्र कुमार शर्मा के अनुसार, यह टीम हर मंगलवार और गुरुवार को शहर के विभिन्न चौराहों पर गश्त ड्यूटी के लिए तैनात की जाती है। सभी जवान एक ही बस में सवार होकर अपने-अपने पॉइंट पर उतरते हैं। फिलहाल यह मामला लापरवाही और सुरक्षा प्रोटोकॉल पर सवाल खड़े कर रहा है, जिसकी जांच जारी है।

