दातागंज प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: अवैध खनन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, माफियाओं में हड़कंप
दातागंज (बदायूं/ अभिषेक वर्मा): उत्तर प्रदेश सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के अनुपालन में अवैध खनन माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को दातागंज प्रशासन ने बड़ी सफलता हासिल की है। तहसीलदार राम चन्द्र सिंह के नेतृत्व में की गई छापेमारी में अवैध मिट्टी खनन में लिप्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रंगे हाथों पकड़ा गया।
शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे, तहसीलदार राम चन्द्र सिंह को मुखबिर के माध्यम से ग्राम घाटमपुरा के निकट बड़े पैमाने पर अवैध खनन की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए तहसीलदार ने अपनी टीम के साथ घेराबंदी की। इस दौरान पालिया गुजर गनगोला मार्ग से दातागंज की ओर आ रहे एक बिना नंबर प्लेट वाले लाल रंग के स्वराज ट्रैक्टर (चेसिस नंबर: MBNBT53NJSCE73107) को रोका गया। चालक अंकित को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
प्रशासन ने मौके से मिट्टी लदी ट्रॉली के साथ-साथ खनन में प्रयुक्त होने वाले अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं:
-
मिट्टी छानने के दो बड़े लोहे के जाल (वजन लगभग 12 कुंतल)।
-
एक फावड़ा और डीजल की केन
-
मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली।
पकड़े गए वाहन और उपकरणों को कोतवाली दातागंज की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिला खनन अधिकारी को प्रेषित कर दी गई है। तहसीलदार राम चन्द्र सिंह ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि प्राकृतिक संपदा का अवैध दोहन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोरतम कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
इस त्वरित कार्यवाही से क्षेत्र के खनन सिंडिकेट में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासनिक मुस्तैदी की सराहना की है।

