60 करोड़ से बढ़ेगी बांध बारैठा की क्षमता, सिंचाई और पेयजल व्यवस्था को मिलेगा बड़ा फायदा
वैर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर जिले के सबसे बड़े और ऐतिहासिक बांध बारैठा के विस्तार की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने बांध की जल संग्रहण क्षमता बढ़ाने के लिए 60 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इस परियोजना के तहत डीपीआर तैयार होने के बाद विस्तार कार्य शुरू किया जाएगा।
जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने बांध का दौरा कर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रेस्ट हाउस के नवीनीकरण और नहरों के पक्कीकरण कार्य को समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
फिलहाल बांध की भराव क्षमता 1860 एमसीएफटी है, लेकिन हर साल मानसून में इससे अधिक पानी आने के कारण अतिरिक्त पानी को नदी में छोड़ना पड़ता है। अब सरकार की योजना है कि इस अधिशेष जल को संरक्षित किया जाए, जिससे जल संकट से राहत मिल सके।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी और शहर की पेयजल आपूर्ति में भी बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। अधिकारियों का कहना है कि बांध के साथ-साथ इसके बुनियादी ढांचे को भी और मजबूत किया जाएगा, जिससे भविष्य में जल प्रबंधन और बेहतर हो सकेगा।

