गोविंदगढ़ पुलिस ने साईबर संग्राम अभियान 2.0: सोशल मीडिया पर सस्ते सामान का झांसा देकर ठगी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार
अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना पुलिस ने 'साईबर संग्राम अभियान 2.0' के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ऑनलाइन फ्रॉड करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी (आई.पी.एस.) ने बताया कि जिले में ऑनलाइन ठगी, सेक्सटॉर्शन और ओएलएक्स (OLX) जैसे माध्यमों से होने वाले अपराधों पर लगाम लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. प्रियंका के निर्देशन में थाना गोविन्दगढ़ पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
थानाधिकारी धर्मसिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर महिलाओं के सामान (Ladies items) को बाजार से बहुत कम दामों पर बेचने का विज्ञापन डालता था। जब कोई ग्राहक संपर्क करता, तो उसे झांसे में लेकर क्यूआर कोड (QR Code) के माध्यम से पैसे अपने खातों में ट्रांसफर करवा लेता था। जिस पर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए सयूम खां (उम्र 25 वर्ष), पुत्र इसराइल, निवासी अलघाणी (थाना सीकरी, जिला डीग) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 01 एंड्रॉइड मोबाइल मय सिम बरामद किया गया है।
इस सफल ऑपरेशन में थानाधिकारी धर्मसिंह, स.उ.नि. कुंवरसिंह, कॉन्स्टेबल देवेन्द्र कुमार, सतवीर सिंह, सुरेन्द्र सिंह और बलजीत सिंह की मुख्य भूमिका रही। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों और नेटवर्क का खुलासा हो सके।
पुलिस प्रशासन आमजन से अपील करता है कि सोशल मीडिया पर लुभावने विज्ञापनों से सावधान रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति को क्यूआर कोड या ओटीपी के जरिए भुगतान न करें।


