गोवर्धन–जयपुर एसी डीलक्स बस सेवा शुरू; यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा,6 घंटे में तय होगी 224 किलोमीटर की दूरी
कठूमर (दिनेश लेखी) राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए गोवर्धन–जयपुर– गोवर्धन मार्ग पर एसी डीलक्स (2×2) बस सेवा शुरू कर दी है। यह बस वैषाली नगर डिपो से संचालित होगी और डीग, नगर, कठूमर, खेरली, महुआ व दौसा होते हुए जयपुर तक पहुंचेगी।
निगम के अनुसार यह बस प्रतिदिन निर्धारित समय पर संचालित होगी। गोवर्धन से बस सुबह 7:00 बजे रवाना होकर डीग 7:45, नगर 8:30, कठूमर 8:50, खेरली 9:15, महुआ 10:00, बालाजी मोड़ 10:30, सिकंदरा 11:00, दौसा बाईपास 11:30 होते हुए दोपहर 1:00 बजे जयपुर पहुंचेगी।
वहीं वापसी में जयपुर से बस दोपहर 2:00 बजे रवाना होकर दौसा बाईपास 3:30, सिकंदरा 4:00, बालाजी मोड़ 4:30, महुआ 5:00, खेरली 5:45, कठूमर 6:10, नगर 6:30, डीग 7:15 होते हुए रात 8:00 बजे गोवर्धन पहुंचेगी।
निगम ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से कम से कम 15 मिनट पहले बस स्टैंड पर पहुंचें। इस बस सेवा में यात्रियों को एयर कंडीशनर, पुश-बैक सीट, लगेज स्पेस व हैंड-आर्म रेस्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जिससे सफर आरामदायक रहेगा।
बस सेवा की कुल दूरी 224 किमी (एक तरफ) है, जिसे लगभग 6 घंटे में पूरा किया जाएगा। एक तरफ का अनुमानित किराया ₹443 रखा गया है।
महिला यात्रियों के लिए इस सेवा में 50 प्रतिशत किराया छूट भी दी जा रही है, जिससे बड़ी संख्या में महिलाओं को फायदा मिलेगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए सिंधी कैंप बस स्टैंड, जयपुर पर हेल्पलाइन नंबर 0141-2207912 भी जारी किया गया है। इस नई सेवा से खेरली, कठूमर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को जयपुर आवागमन में सीधी और बेहतर सुविधा मिलेगी।


