कठूमर पुलिस ने 491 ग्राम गांजे के साथ दो तस्कर किये गिरफ्तार, बाइक व नकदी जब्त
कठूमर (दिनेश लेखी) अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कठूमर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 491 ग्राम अवैध गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल तथा 3810 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अलवर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं वृत्ताधिकारी के सुपरविजन में थाना प्रभारी सुनील टांक के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार रविवार को कठूमर-नगर रोड स्थित तुसारी मोड़ पर नाकाबंदी के दौरान एक सफेद रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए।
पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों नाकाबंदी देखकर घबराकर वापस मुड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 491 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णु पुत्र रामबाबू निवासी कठूमर तथा यदुराज पुत्र नवलसिंह निवासी भौसिंगा थाना नदबई, जिला भरतपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनील टांक सहित कांस्टेबल विष्णु, महावीर और मोरध्वज की विशेष भूमिका रही।


