तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, विरोध करने पर पत्रकार को बीच रास्ते घेरकर दी धमकी
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। मकराना क्षेत्र के सूंथली-चाण्डी मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार की टक्कर के बाद उपजे विवाद में पत्रकार के साथ अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित पत्रकार ने मकराना थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बोरावड़ निवासी पत्रकार विनय सोनी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि रविवार, 26 अप्रैल को सुबह करीब 10 बजकर 30 मिनट पर वे अपने चार साथियों के साथ बलेनो कार से डीडवाना जा रहे थे। इसी दौरान सूंथली-चाण्डी मार्ग पर सामने से आ रही एक मारुति अर्टिगा कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भिड़ंत में पत्रकार की गाड़ी को काफी नुकसान पहुँचा है। घटना की सूचना तुरंत मकराना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुँचे बूड़सू चौकी के कांस्टेबल प्रकाश ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटनाग्रस्त अर्टिगा कार को जब्त कर लिया। हालांकि, मौका पाकर आरोपी चालक श्रवणराम वहां से फरार होने में कामयाब रहा। रिपोर्ट के मुताबिक, असली विवाद दुर्घटना के कुछ देर बाद हुआ। जब विनय सोनी और उनके साथी दूसरी व्यवस्था कर डीडवाना की ओर रवाना हुए, तो आरोपी श्रवणराम ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर बीच रास्ते में उनकी गाड़ी रुकवा ली।
आरोपियों ने पीड़ित को डराते-धमकाते हुए कहा कि यदि पुलिस कार्रवाई की तो इसके परिणाम भुगतने होंगे। आरोपियों के तेवर देख वाहन में सवार लोग सहम गए और किसी तरह वहां से बचकर निकले। पीड़ित ने बताया कि इस पूरी घटना का वीडियो उनके पास सुरक्षित है, जिसे साक्ष्य के तौर पर पुलिस को सौंपा जाएगा। पीड़ित की शिकायत पर मकराना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन पहले ही जब्त किया जा चुका है और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


