संभागीय आयुक्त ने नगला बीजा में सुनीं जनसमस्याएं, मौक़े पर दिए निस्तारण के निर्देश

Jun 4, 2026 - 19:16
 0
संभागीय आयुक्त ने नगला बीजा में सुनीं जनसमस्याएं, मौक़े पर दिए निस्तारण के निर्देश

भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया द्वारा उपखंड उच्चैन की ग्राम पंचायत नगला बीजा में गुरुवार को जनसुनवाई आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गई। जनसुनवाई में जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में आमजन से सीधे संवाद करते हुए विभिन्न विभागों से संबंधित परिवादों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
संभागीय आयुक्त ने जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को प्राप्त सभी परिवादों को राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज कर नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवादी को उसके प्रकरण के निस्तारण की जानकारी समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए तथा आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। जनसुनवाई के दौरान विरासत में नाम दर्ज कराने, जमाबंदी में शुद्धिकरण, रहनमुक्ति, पुलिया एवं सड़क निर्माण, मनरेगा श्रमिकों के भुगतान तथा डीप बोर स्थापना सहित विभिन्न विषयों से जुड़े कुल 18 परिवाद प्राप्त हुए। इनमें 10 परिवाद राजस्व विभाग, 6 पंचायती राज विभाग, 1 सार्वजनिक निर्माण विभाग तथा 1 जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से संबंधित थे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उच्चैन का किया निरीक्षण-
संभागीय आयुक्त ने जनसुनवाई के पश्चात सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उच्चैन का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान औषधि भंडारण एवं वितरण कक्ष, चिकित्सक कक्ष, प्रयोगशाला तथा वार्डों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, दवा वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने उजाला क्लीनिक का नियमित संचालन सुनिश्चित कर उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश प्रदान किए।
आयुष्यमान आरोग्य मंदिर में रैम्प एवं संकेतक लगाने के निर्देश-
संभागीय आयुक्त ने आयुष्यमान आरोग्य मंदिर राजकीय आयुर्वेद औषधालय उच्चैन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मरीजों के आवागमन हेतु रैम्प की समुचित व्यवस्था नहीं मिलने पर संबंधित प्रभारी अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नव निर्मित भवन में संचालित औषधालय तक पहुंचने के लिए संकेतक नहीं पाए जाने पर शीघ्र संकेतक बोर्ड स्थापित करने के निर्देश भी दिए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अन्नपूर्णा रसोई में स्वच्छता एवं गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर-
संभागीय आयुक्त ने अन्नपूर्णा रसोई संख्या-695 उच्चैन का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं प्रबंधन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान लाभार्थियों के लिए बैठने की व्यवस्था, टोकन प्रणाली, पेयजल, वॉशबेसिन एवं डस्टबिन आदि की व्यवस्थाओं को देखा।
निरीक्षण में पाया गया कि कुछ लाभार्थियों को बिना टोकन जारी किए भोजन उपलब्ध कराया जा रहा था। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संचालक को भविष्य में सभी लाभार्थियों को नियमानुसार टोकन जारी कर भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने रसोई परिसर में साफ-सफाई की स्थिति सुधारने, भोजन की स्वच्छता एवं पौष्टिकता सुनिश्चित करने, भोजन को गर्म परोसने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही भोजन बनाने एवं परोसने वाले कार्मिकों को टोपी, ग्लव्स, एप्रिन एवं निर्धारित वर्दी पहनने तथा बर्तनों की समुचित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए। जनसुनवाई के दौरान उपखंड अधिकारी उच्चैन सुरेश हरसोलिया, तहसीलदार रमेश चन्द सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................