गुड़ा ऐदला पुलिस की बड़ी सफलता: दो शातिर नकबजन गिरफ्तार, चोरी की 25 वारदातों का हुआ सनसनीखेज खुलासा
तखतगढ़/गुंदोज, (बरकत खान) गुड़ा ऐदला थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही नकबजनी और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने संगठित रूप से चोरियों को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ग्रामीण वृत्ताधिकारी (CO) अमर सिंह रत्नु ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्त में आए इन शातिर चोरों ने प्रारंभिक पूछताछ में विभिन्न इलाकों में कुल 25 चोरी एवं नकबजनी की वारदातें करना कबूल किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, नकदी एवं अन्य माल मशरूका बरामद किया है।
: पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान फारूक मोहम्मद पुत्र सिराजुदीन (उम्र 36 वर्ष), निवासी- पेट्रोल पंप के पास, देसूरी और कपूराराम पुत्र नेनाराम (उम्र 40 वर्ष), निवासी- मेघवालों का बास, देसूरी के रूप मे कि गई है'
इन थाना क्षेत्रों में दे चुके थे वारदातों को अंजाम: सीओ अमर सिंह रत्नु ने बताया कि दोनों आरोपियों का एक बड़ा नेटवर्क था। इन्होंने पूछताछ में गुड़ा ऐदला, सदर पाली, रोहट, रानी एवं तखतगढ़ थाना क्षेत्रों में पिछले लंबे समय से सूने मकानों और दुकानों को निशाना बनाकर चोरी व नकबजनी की दर्जनों संगीन वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पकड़े गए दोनों अभियुक्त आदतन अपराधी हैं और इनके विरुद्ध पूर्व में भी अलग-अलग थानों में चोरी व नकबजनी के कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
न्यायालय में पेश कर लिया रिमांड, अन्य सहयोगियों की तलाश तेज: पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान इस गैंग से जुड़े अन्य सहयोगियों, चोरी का माल खरीदने वाले सुनारों और कई अन्य बड़ी वारदातों का खुलासा होने की पूरी संभावना है। मामले में गहन अनुसंधान जारी है।
इस टीम को मिली सफलता: वारदातों के खुलासे और त्वरित कार्रवाई में गुड़ा ऐदला थानाधिकारी दर्शन सिंह, गुंदोज चौकी प्रभारी समुद्र सिंह, एएसआई पुखराज, हेड कांस्टेबल रविंद्र कुमार तथा कांस्टेबल कन्हैयालाल, दौलतराम, राकेश कुमार, कमल किशोर, विक्रम सिंह, मोहनलाल और पारसमल की विशेष व सराहनीय भूमिका रही। उच्चाधिकारियों द्वारा पुलिस टीम की इस कामयाबी की सराहना की गई है।


