तारबंदी योजना के तहत रामदयाल को मिला लाभ, मुख्यमंत्री व जिला प्रशासन का जताया आभार
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार द्वारा आयोजित जन कल्याण शिविरों के अन्तर्गत ग्रामीण सेवा शिविर आमजन के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को पंचायत समिति बयाना की ग्राम पंचायत बरखेड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में ग्राम झामरी निवासी रामदयाल पुत्र सौदान सिंह के जीवन में राज्य सरकार की योजना से एक सकारात्मक बदलाव देखने को मिला। शिविर में उपखंड अधिकारी की तत्परता से लाभार्थी को कृषि विभाग की तारबंदी योजना का लाभ मौके पर ही सुनिश्चित कराया गया।
फसल सुरक्षा के लिए मिली सहायता राशि बरखेड़ा ग्राम पंचायत के झामरी निवासी किसान रामदयाल ने कृषि विभाग की तारबंदी योजना के लिए आवेदन किया था। उन्हें कृषि पर्यवेक्षक थान सिंह द्वारा ग्रामीण सेवा शिविर के आयोजन की जानकारी मिली थी। शिविर के दौरान जब रामदयाल ने उपखंड अधिकारी (SDO) दीपक मित्तल के समक्ष अपनी समस्या रखी, तो उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों की तत्परता से रामदयाल को तारबंदी योजना के तहत खेत की सुरक्षा के लिए सहायता राशि स्वीकृत की गई। इससे उनके खेत की फसल आवारा पशुओं से सुरक्षित हो सकेगी और वे कृषि व पशुपालन के जरिए बेहतर आय अर्जित कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकेंगे।
22 विभागों ने पहुंचाई राहत बरखेड़ा में आयोजित इस विशेष शिविर में कुल 22 विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। शिविर के दौरान ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई और पात्र आवेदकों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।
मुख्यमंत्री का जताया आभार योजना का लाभ मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लाभार्थी रामदयाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर जैसे कार्यक्रम ग्रामीण अंचल के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं, जहाँ एक ही छत के नीचे बिना भटकाव के सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने अन्य साथी किसानों को भी इस योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करने की बात कही।


