सफलता की कहानी; ग्रामीण सेवा शिविर में हुआ वर्षों पुराना रिकॉर्ड सुधार, खातेदार को मिली बड़ी राहत
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें राहत प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत बरखेड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर एक महिला खातेदार केसर पत्नी गुटयारी के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया।
पंचायत समिति बयाना की ग्राम पंचायत बरखेड़ा निवासी लाभार्थी ने बताया की उनकी खातेदारी भूमि ग्राम नगला झामरी में स्थित है। भूमि अभिलेखों में उनके पति का नाम गलत दर्ज होने के कारण उन्हें लंबे समय से विभिन्न प्रकार की प्रशासनिक एवं राजस्व संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लाभार्थी ने बताया कि कई बार प्रयास करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। लाभार्थी केसर को ग्रामीण सेवा शिविर की जानकारी मिली और ग्राम पंचायत बरखेड़ा शिविर में पहुंचकर अपनी परेशानी अधिकारियों के समक्ष रखी। संबंधित अधिकारियों ने पटवारी भगवानदास को तत्काल शुद्धि-पत्र तैयार करने के निर्देश दिए, जिसकी जांच भू-अभिलेख निरीक्षक रामरूप मीणा द्वारा की गई।
शिविर स्थल पर ही नायब तहसीलदार संजय ने प्रकरण का परीक्षण कर शुद्धि-पत्र स्वीकृत कर दिया। एक ही स्थान पर त्वरित कार्रवाई होने से भूमि अभिलेखों में दर्ज त्रुटि का निराकरण हो गया और खातेदारी रिकॉर्ड में आवश्यक संशोधन कर दिया गया। वर्षों से चली आ रही समस्या के समाधान के बाद लाभार्थी केसर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनके भूमि अभिलेख सही हो गए हैं, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की राजस्व संबंधी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से उनकी समस्या का समाधान मौके पर ही हो गया। उन्होंने राज्य सरकार की इस पहल को आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, जिला प्रशासन एवं राजस्व विभाग का आभार व्यक्त किया।


