बिजलीघर के पास दुकान में लगी आग:कोल्ड ड्रिंक की बोतलें तेज धमाकों के साथ फटी
गोविंदगढ़ (अलवर) के नसवारी गांव में 132 KV बिजलीघर के पास देर रात एक परचून की दुकान में भीषण आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी इस आग में दुकान में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
यह घटना रात के सन्नाटे में तब सामने आई जब आग की तपिश से दुकान में रखी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें तेज धमाकों के साथ फटने लगीं। पास स्थित 132 KV पावर हाउस पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने धमाकों की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर आग की सूचना दी।
गांव के सरपंच अनवर खान ने बताया कि यह दुकान संदीप गुर्जर की थी, जो लोहे के खोके में परचून का सामान बेचकर अपने परिवार का गुजारा करते थे। आग से उनका फ्रिज और किराना समेत समस्त सामान जल गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही सरपंच अनवर खान ने हल्का पटवारी जाहिद खान और स्थानीय पुलिस को सूचित किया। पुलिस और राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।

