कठूमर में तीन दिन बाद सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म, मांगों पर मिला आश्वासन
आसपास की नगरपालिकाओं के बराबर वेतन और हर माह 10 तारीख तक भुगतान का आश्वासन, दो टाइम सफाई पर भी बनी सहमति
कठूमर (दिनेश लेखी)। कस्बे में सफाई व्यवस्था को लेकर नगरपालिका के सफाईकर्मियों की ओर से चल रही हड़ताल गुरुवार को तीसरे दिन समाप्त हो गई। नगरपालिका प्रशासन और सफाईकर्मियों के प्रतिनिधियों के बीच हुई बातचीत में विभिन्न मांगों पर आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारियों ने काम पर लौटने का निर्णय लिया।
बातचीत में सफाईकर्मियों को आसपास की नगरपालिकाओं में कार्यरत ठेका सफाईकर्मियों के बराबर वेतन दिलाने का आश्वासन दिया गया। साथ ही हर माह का वेतन 10 तारीख तक भुगतान करने पर भी सहमति बनी। संविदा पर अतिरिक्त सफाईकर्मी लगाने को लेकर ठेकेदार से बातचीत करने का आश्वासन दिया गया।
सफाईकर्मियों की ओर से दो समय सफाई कार्य करने पर भी सहमति जताई गई। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर नियमित रूप से सफाई कार्य करने पर सहमति दी।
सफाईकर्मियों की हड़ताल के चलते पिछले तीन दिनों से कस्बे की सफाई व्यवस्था प्रभावित थी। कई स्थानों पर कचरे के ढेर जमा हो गए थे, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। हड़ताल समाप्त होने के बाद शुक्रवार से सफाई व्यवस्था के सामान्य होने की उम्मीद है।
बैठक के दौरान नगरपालिका अधिशासी अधिकारी नरसीलाल मीणा, नगरपालिका अध्यक्ष सोरन देई, राजीव जाटव सहित सफाईकर्मी और समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने सफाईकर्मियों से नियमित रूप से कार्य करने तथा कस्बे की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने की अपील की।

