अलवर-भरतपुर मार्ग पर खुले में कचरे का अंबार, हादसों को न्योता दे रहे आवारा मवेशी
पालिका की चेतावनी: खुले में कचरा डालने वालों के कटेंगे चालान
गोविंदगढ़ (अलवर) कस्बे के अलवर-भरतपुर मुख्य सड़क मार्ग पर खुले में फेंका जा रहा कचरा और आवारा मवेशी राहगीरों व वाहन चालकों के लिए गंभीर परेशानी का सबब बने हुए हैं। जोहड़ वाले हनुमान मंदिर के पास बिखरे कचरे के कारण दिन-रात मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे व्यस्त सड़क पर हर समय हादसों का अंदेशा बना रहता है।
स्थानीय स्थिति के अनुसार, पूर्व में दुकानदार मुख्य सड़क किनारे ही कचरा डालते थे। नगरपालिका द्वारा सफाई करवाकर कर्मचारी तैनात किए जाने के बाद अब दुकानदारों ने जोहड़ के सामने कचरा फेंकना शुरू कर दिया है। बताया जाता है कि करीब एक वर्ष पूर्व तक पालिका प्रशासन भी इसी स्थल पर कचरा डंप करता था, जिससे यह समस्या स्थायी रूप ले चुकी है।
- खुले में कचरा फेंका तो कटेगा चालान:
मामले को लेकर नगरपालिका बड़ौदामेव के जेईएन कृपाल सिंह ने बताया कि सड़क किनारे की सफाई नियमित कराई गई थी, लेकिन कुछ लोग रात के अंधेरे में जोहड़ के सामने कचरा फेंक जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पालिका की कचरा संग्रहण गाड़ी घर-घर पहुंच रही है, लिहाजा लोग कचरा उसी में डालें। खुले में कचरा डालकर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अब चालान की कार्रवाई की जाएगी।

