9 साल से फरार गो-तस्करी का वांछित आरोपी गिरफ्तार, गोविंदगढ़ पुलिस की कार्रवाई
गोविंदगढ़ (अलवर) गोविंदगढ़ थाना पुलिस ने 9 वर्षों से फरार चल रहे गो-तस्करी के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ा गया आरोपी डीग जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र स्थित घाटमीका निवासी महबूब खां (65) है।
जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देश पर जिले भर में चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गोविंदगढ़ थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि गो-तस्करी के मामले में महबूब पिछले नौ साल से फरार चल रहा था और पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी विश्लेषण की मदद से सटीक घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह के साथ एएसआई मोहनलाल, हेड कॉन्स्टेबल राजबहादुर, कॉन्स्टेबल बलजीत सिंह तथा कॉन्स्टेबल ब्रजेश कुमार शामिल रहे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

