खेत में सूखे चारे का कचरा जलाते समय दुपट्टे ने पकड़ी आग, 14 वर्षीय बालिका गंभीर झुलसी, अस्पताल में भर्ती
अलवर (राजस्थान) अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नांगल पलखड़ी गांव में गुरुवार शाम खेत में काम के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। सूखे चारे (कड़बी) का कचरा जलाते समय आग की चपेट में आने से 14 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने उसे तत्काल अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पीड़िता की पहचान नांगल पलखड़ी निवासी मुस्तुका (14) पुत्री साजिद के रूप में हुई है। पिता साजिद के अनुसार, मुस्तुका गुरुवार शाम को खेत में कड़बी का सूखा कचरा इकट्ठा कर उसमें आग लगा रही थी। इसी दौरान अचानक उठी तेज लपटों की वजह से उसके दुपट्टे ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग उसके पूरे कपड़ों में फैल गई।
बालिका की चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आनन-फानन में पानी डालकर आग पर काबू पाया और झुलसी हालत में बालिका को लेकर सीधे अलवर जिला अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार बालिका का उपचार जारी है।

