नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष ने किया बायोसा मंदिर तालाब का औचक निरीक्षण, युद्ध स्तर पर सफाई के निर्देश
तखतगढ़ (बरकत खान) नगर पालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष जय श्री नामा ने पदभार संभालते ही जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में उन्होंने कस्बे के बायोसा मंदिर स्थित ऐतिहासिक एवं सार्वजनिक तालाब का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान तालाब में फैली अत्यधिक गंदगी, प्लास्टिक कचरे के अंबार और नालियों के गंदे पानी की आवक से उठती दुर्गंध को देखकर पालिका अध्यक्ष ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद अधिशासी अधिकारी (ईओ) महेंद्र बंजारा व सफाई अमले को फटकार लगाई और तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
- युद्ध स्तर पर होगी सफाई, खुले में कचरा डालने पर लगेगा जुर्माना:
पालिका अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि तालाब परिसर सहित आसपास के नालों और नालियों की सफाई का कार्य तुरंत युद्ध स्तर पर शुरू किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि शहर के जल स्रोतों को स्वच्छ और संरक्षित रखना पालिका प्रशासन की पहली प्राथमिकता है, जिसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही तालाब किनारे कचरा फेंकने वालों पर कड़ी निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान काटकर जुर्माना वसूलने के आदेश दिए। संबंधित जमादारों व सफाई कार्मिकों को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है।
निरीक्षण के दौरान पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज नामा, पार्षद महेश रावल, मुकेश सुथार, आकाश मेवाड़ा, सफाई निरीक्षक मुकेश कुमार माली तथा जमादार धीरज कुमार वाल्मीकि सहित अन्य पालिका कार्मिक व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

