बायोसा मंदिर तालाब की बदहाली पर फूटा गुस्सा: दुर्गंध और गंदगी से परेशान लोगों ने दिया धरना, पालिका से की त्वरित समाधान की मांग
तखतगढ़ (बरकत खान) नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत बायोसा मंदिर के पास स्थित ऐतिहासिक तालाब लंबे समय से उपेक्षा और बदहाली का शिकार बना हुआ है। नियमित सफाई के अभाव में तालाब में जमा गंदगी और पानी से उठ रही तेज दुर्गंध के चलते स्थानीय नागरिकों का सब्र टूट गया। आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने तालाब के पास धरना-प्रदर्शन शुरू कर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वर्षों से तालाब की सुध नहीं ली गई है। सड़े हुए पानी और कचरे के ढेरों से 24 घंटे उठने वाली असहनीय दुर्गंध ने आसपास के रहवासियों का सांस लेना तक दूभर कर दिया है। इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार शिकायतों के बावजूद नगर पालिका प्रशासन आंख मूंदे बैठा है, जिससे लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
- धरने पर पहुंचे वार्ड पार्षद, की स्थायी समाधान की मांग:
धरने की सूचना मिलते ही कांग्रेस के समस्त वार्ड पार्षदों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पार्षदों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और तालाब की दुर्दशा पर चिंता व्यक्त की। जनप्रतिनिधियों ने माना कि स्थिति बेहद गंभीर है और इसका अविलंब निस्तारण होना चाहिए।
धरना दे रहे नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन को चेतावनी दी है कि तालाब से तुरंत कचरा हटाकर पानी की सफाई कराई जाए और दुर्गंध की समस्या का स्थायी हल निकाला जाए। यदि समय रहते नियमित सफाई और निगरानी की पुख्ता व्यवस्था नहीं की गई, तो आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

