संविदा प्लेसमेंट संघर्ष समिति ने मिनी सचिवालय में बापू व शास्त्री जी को किया नमन; अहिंसा और जनसेवा के सिद्धांतों पर चलने का लिया संकल्प
अलवर: (राजस्थान) राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर संविदा प्लेसमेंट संघर्ष समिति राजस्थान की ओर से मिनी सचिवालय परिसर में श्रद्धाजंलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों व कार्मिकों ने परिसर में स्थित दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संविदा प्लेसमेंट संघर्ष समिति राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष यश जोशी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को सबसे बड़ा हथियार बनाकर देश को आजादी के आंदोलन में एकजुट किया। गांधी जी और शास्त्री जी का जीवन आज भी समाज के प्रत्येक वर्ग को सादगी, शांति, समानता, न्याय और निस्वार्थ सेवा की प्रेरणा देता है। उपस्थित सभी कर्मचारियों ने उनके बताए आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
समारोह में जिले के विभिन्न सरकारी विभागों—चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सचिवालय, न्याय, जिला परिषद, नगर निगम, अग्निशमन, विद्युत, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, पीडब्ल्यूडी, पीएचईडी तथा कृषि विभाग में कार्यरत संविदा एवं प्लेसमेंट कार्मिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
इस अवसर पर समिति के सचिव सुनील चौधरी, यक्ष जोशी, फार्मेसी ऑफिसर सुजीत वर्मा, रवींद्र सिंह, नेहा धाकड़, प्रदीप चौधरी, गोविंद सैनी, अजरुद्दीन, रवि, अरुण चौधरी, अनुज चौधरी, मनीष मीणा सहित समिति के कई पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

