मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी राजस्थान योजना की 15वीं वर्षगांठ: आरबीएम अस्पताल में मरीजों को बांटे फल
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी राजस्थान (दवा) योजना की 15वीं वर्षगांठ शुक्रवार को आरबीएम जिला चिकित्सालय में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. नगेंद्र भदौरिया एवं वरिष्ठ चिकित्सकों की मौजूदगी में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. नगेंद्र भदौरिया ने बताया कि फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ के सौजन्य से वार्डों में उपचाराधीन रोगियों को फल भेंट किए गए। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर 2011 को शुरू हुई यह जनकल्याणकारी योजना आज स्वास्थ्य क्षेत्र में मील का पत्थर साबित हो रही है। वर्तमान में योजना के तहत 1800 से अधिक प्रकार की दवाएं और सर्जिकल सामग्री पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें हीमोफीलिया, कैंसर, हृदय रोग, मधुमेह तथा दमा जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार में काम आने वाली बेहद महंगी दवाइयां भी शामिल हैं।
डॉ. भदौरिया ने योजना को धरातल पर सफल बनाने और राजस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पायदान पर बनाए रखने में फार्मासिस्ट कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा और योगदान की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस योजना से प्रतिवर्ष प्रदेशभर के करीब 16 करोड़ मरीज लाभान्वित हो रहे हैं, जिस पर राज्य सरकार सालाना लगभग 1300 करोड़ रुपये का बजट खर्च कर रही है।
फल वितरण कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र डागुर, योजना के नोडल अधिकारी डॉ. मॉरिश अग्रवाल, डॉ. अंकित गर्ग तथा फार्मासिस्ट संघ के प्रदेशाध्यक्ष जल सिंह कुंतल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर फार्मासिस्ट संघ के रज्जो सिंह, गंभीर सिंह, हेमंत मीणा, जितेंद्र सिंह कुंतल, जयशिव, जयंत फौजदार, सुनील कुमार, जितेंद्र कुमार, तेजवीर देशवार, हेमराज सिंह, प्रभुदयाल धाकड़, सौरभ शर्मा, दीनदयाल गुप्ता सहित जिलेभर के अनेक फार्मासिस्ट एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

