सरदार पटेल की 150वीं जयंती: सेवर थाने पहुंचे स्कूली बच्चे, जानी पुलिस की कार्यप्रणाली और अनुशासन के गुर
भरतपुर पुलिस की अनूठी पहल: बच्चों को कराया थाना परिसर का भ्रमण; कानून-व्यवस्था, यातायात नियमों और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
भरतपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष जागरूकता माह के तहत बुधवार को भरतपुर पुलिस द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। जिला पुलिस अधीक्षक (IPS) राजेश कुमार मीना के निर्देशन में स्कूली विद्यार्थियों को पुलिस थाना सेवर का शैक्षणिक एवं जागरूकता भ्रमण (पुलिस स्टेशन विजिट) कराया गया। इस दौरान बच्चों ने पुलिस की कार्यप्रणाली, अनुशासन और आमजन की सुरक्षा में पुलिस की भूमिका को करीब से समझा।
थाना परिसर के विभिन्न अनुभागों से कराया रूबरू
थाना परिसर पहुंचने पर विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को आगंतुक कक्ष, मालखाना, रिकॉर्ड शाखा, वायरलेस रूम, लॉकअप और सीसीटीएनएस (CCTNS) प्रणाली का भ्रमण कराकर इनकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। भ्रमण के दौरान बच्चों को यह समझाया गया कि आपात स्थिति में पुलिस कैसे त्वरित कार्रवाई करती है।
साइबर सुरक्षा, यातायात नियम और बाल सुरक्षा पर संवाद
संवादात्मक सत्र के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार और अनुशासित नागरिक बनने का संदेश दिया। साथ ही उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के उपाय, यातायात नियमों की पालना, महिला एवं बाल सुरक्षा, आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए।
विद्यार्थियों के प्रश्नों का दिया सरल उत्तर, बढ़ा पुलिस के प्रति विश्वास
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासा दूर करने के लिए पुलिस अधिकारियों से कई सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने बेहद सरल और व्यावहारिक अंदाज में जवाब दिया। भरतपुर पुलिस का उद्देश्य इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं में कानून के प्रति सम्मान जगाना और पुलिस-आमजन के बीच विश्वास व सहयोग के रिश्ते को मजबूत बनाना है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे सहभागिता आधारित कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

