पंचायत चुनाव पर भरतपुर पुलिस का कड़ा पहरा: जिलेभर में सघन नाकाबंदी व रात्रिकालीन चेकिंग अभियान तेज, अपराधियों पर कस रहा शिकंजा
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)। आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर भरतपुर जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा का विश्वास सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। जिला पुलिस अधीक्षक (IPS) राजेश कुमार मीना के निर्देशन में जिलेभर में विशेष सतर्कता बरतते हुए सघन नाकाबंदी, रात्रिकालीन वाहन चेकिंग और लगातार गश्त अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखना, आपराधिक व असामाजिक तत्वों की मंसूबों पर पानी फेरना तथा चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित घटना को रोकना है।
सीमाओं व संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ा पहरा
पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशों की पालना में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में थानाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता सड़कों पर उतरा हुआ है। प्रमुख राजमार्गों, व्यस्त चौराहों, मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों तथा अंतरराज्यीय व अंतरजिला सीमाओं और नाकों पर सघन नाकाबंदी की गई है। आने-जाने वाले प्रत्येक संदिग्ध वाहन और व्यक्ति की बारीकी से जांच की जा रही है।
रात्रिकालीन गश्त पर विशेष फोकस
रात के समय होने वाली आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए रात्रिकालीन गश्त और वाहन चेकिंग को अत्यधिक प्रभावी बनाया गया है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस वाहनों की सायरन गश्त बढ़ाने के साथ ही त्वरित प्रतिक्रिया (Quick Response) के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की इस मुस्तैदी से जहां अपराधियों में हड़कंप है, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव पैदा हो रहा है।
भयमुक्त एवं निष्पक्ष चुनाव कराने का संकल्प
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह का डर, दबाव या अव्यवस्था फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। भरतपुर पुलिस शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को दें।

