उपजिला अस्पताल की भूमि आवंटन के विरोध में रूपवास में 5वें दिन धरना जारी, SDM को सौंपा ज्ञापन
रूपवास (भरतपुर) कोशलेन्द्र दत्तात्रेय
रूपवास शहर में उपजिला चिकित्सालय के लिए ग्राम पंचायत चैकोरा के गांव 'देवियां के नगला' में भूमि आवंटित किए जाने के विरोध में स्थानीय नागरिकों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। विरोध प्रदर्शन के पांचवें दिन पार्षद गोविंद सिंह परमार के मुख्य आतिथ्य एवं पार्षद होरीलाल कोली की अध्यक्षता में धरना स्थल पर विशाल सभा आयोजित की गई। इसके पश्चात उपखंड अधिकारी (SDM) को मुख्यमंत्री, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा स्थानीय विधायक डॉ. ऋतु बनावत के नाम ज्ञापन सौंपकर आवंटन तत्काल निरस्त करने की मांग की गई।
'बीहड़ में आवंटित भूमि पूरी तरह अनुपयोगी'
अखिल राजस्थान जन विकास मंच के प्रदेश अध्यक्ष हरिशंकर शर्मा एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा उपजिला अस्पताल के लिए जो भूमि चिह्नित की गई है, वह शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर बीहड़ों में स्थित है। वहां तक पहुंचने के लिए आवागमन का कोई साधन नहीं है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी होगी। वक्ताओं ने मांग की कि इस अव्यवहारिक आवंटन को तुरंत रद्द कर वर्तमान अस्पताल परिसर में या फिर अजय तालाब सिरसोदा मार्ग स्थित सरकारी भूमि पर अस्पताल का निर्माण कराया जाए।
दीपावली के बाद उग्र आंदोलन और कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की चेतावनी
पार्षद गोविंद सिंह परमार ने कहा कि जब उपजिला अस्पताल रूपवास के लिए स्वीकृत हुआ है, तो इसका निर्माण भी शहर के भीतर ही होना चाहिए। संघर्ष समिति के संयोजक पार्षद धीरज शुक्ला (एडवोकेट) एवं सहसंयोजक अरुण परमार ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह फैसला नहीं बदला, तो दीपावली पर्व के बाद क्षेत्र की जनता उग्र आंदोलन करेगी और न्याय के लिए उच्च न्यायालय में याचिका भी दायर की जाएगी।
प्रमुख प्रबुद्धजन और जन प्रतिनिधि रहे मौजूद
धरने को पूर्व तहसीलदार मटोलीराम शर्मा, शिक्षाविद ओमकार शुक्ला, व्यापार संघ अध्यक्ष विनोद सिंघल, महेशचंद्र बंसल, पंडित ओमप्रकाश शास्त्री, ब्राह्मण समाज अध्यक्ष पंडित बृजमोहन शर्मा, सत्यवीर सिंह किरार, कृष्ण गोपाल दत्तात्रेय, चौधरी बलबीर सिंह, सियाराम कादोली, प्रमोद शर्मा, मुकेश कटारा, कुबेर सिंह राजावत और महेंद्र सिंह शर्मा ने भी संबोधित किया।
धरना स्थल पर मुकेश बंसल, माया देवी, रमेश कोली, प्रदीप शर्मा, प्रताप सिंह किरार, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, निरंजन बूटोलिया, लतेश सिंघल, डूंगर सिंह खिजूरी, योगेश वरुण और सोनू शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

