भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला स्तरीय फर्टिलाइजर टास्क फोर्स एवं धरती माता बचाओ समिति की बैठक सोमवार को अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें उर्वरकों का सदुपयोग करते हुए किसानों को जैविक खेती के लिए प्रेरित करने एवं उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने के लिए निर्णय लिए गए।
अतिरिक्त कलक्टर ने कहा कि उर्वरकों की उपलब्धता के अनुसार किसानों को खरीफ एवं रबी के सीजन में पारदर्शिता के साथ उर्वरकों की आपूर्ति हो यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने घटिया उर्वकों के विक्रय एवं कालाबाजारी की रोकथाम के लिए चैकपोस्ट गठित कर प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को रासायनिक खाद का उपयोग कम कर जैविक एवं प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित करें जिससे धरती बचाओ अभियान की सार्थकता सिद्ध हो सके। अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी ने कहा कि किसानों को फसल विविधीकरण के लिए प्रेरित करें तथा मृदा नमूना लेकर सूक्ष्म पौषक तत्वों एवं तरल नैंनो उर्वरकों का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करें।
संयुक्त निदेशक कृषि राधेश्याम मीना ने बताया कि जिले में 30 अप्रैल तक आपणो खेत आपणी खाद अभियान चलाया जा रहा है जिसमें किसानों को हरी खाद, वर्मीकम्पोस्ट, गोबर खाद, जैविक खेती, कृत्रिम खेती एवं फसल अवशेष प्रबंधन के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में गत वर्ष 69 हजार मैट्रिक टन यूरिया व 24 हजार मैट्रिक टन डीएपी की खपत रही थी। जिससे घटाकर 64 हजार तथा 20 हजार लक्ष्य रखा गया है।
अधिक खपत वाली 100 पंचायतें होंगी चिन्हित-
संयुक्त निदेशक कृषि ने बताया कि जिले में विगत वर्षों में अधिक उर्वरक खपत वाली 100 ग्राम पंचायतों को चिन्हित कर उनमें ग्राम सभाएं आयोजित की जाऐंगी, कृषि वैज्ञानिक ऐसी पंचायतों में किसानों को संतुलित उर्वरकों के बारे में जानकारी देंगे। उन्होने बताया कि जिले में नैचुरल फार्मिंग 1700, वर्मी वेड इकाई 2300 एवं ढैंचा मिनीकिट 3500 का वितरण किया गया था जिसे इस बार बढाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फसल विविधीकरण में चना 1210 हैक्टेयर, मसूर 163 हैक्टेयर बोया गया था जिससे 15 प्रतिशत बढाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होने बताया कि उर्वरकों की पारदर्शिता से वितरण के लिए निगरानी दलों का गठन कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि कालाबाजारी रोकने के लिए चिकसाना, ऊंचा नगला, रूपवास, खानुआं, बंन्ध बारैठा में चैक पोस्ट गठित की गई है। उर्वरकों के स्टॉक की जानकारी सोशल मीडिया अकाउन्ट पर दी जाती है। इस अवसर पर अतिरिक्त निदेशक कृषि देशराज सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।