भीलवाड़ा में रूह कंपा देने वाला हत्याकांड: 15 तोला सोने के लिए पड़ोसी ने की 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गला घोंटकर हत्या, शव जलाकर नदी में फेंकी हड्डियां

Oct 27, 2026 - 17:51
 0
भीलवाड़ा में रूह कंपा देने वाला हत्याकांड: 15 तोला सोने के लिए पड़ोसी ने की 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गला घोंटकर हत्या, शव जलाकर नदी में फेंकी हड्डियां

भीलवाड़ा / राजस्थान 

 शहर के भीमगंज थाना इलाके के वीर सावरकर नगर में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। महज 15 तोला सोने की ज्वेलरी के लालच में एक पड़ोसी ने ही 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए शातिर आरोपियों ने शव को छत पर ले जाकर पेट्रोल से जला दिया और बची हुई हड्डियां व राख को करीब 2 किलोमीटर दूर कोठारी नदी में फेंक दिया। पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों की निशानदेही पर जेसीबी की मदद से नदी से बुजुर्ग महिला की हड्डियां बरामद करते हुए इस भयानक राज का पर्दाफाश कर दिया है।

इस तरह हुआ सनसनीखेज खुलासा

भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि वीर सावरकर चौक निवासी रवीना कांकरिया ने गत 15 अक्टूबर को अपनी सास कमला देवी कांकरिया (70) के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि मृतका घर पर अकेली रहती थी। उनके पति तेजसिंह कांकरिया का 4 साल पहले और पुत्र सौरभ कांकरिया (रवीना के पति) का 2 साल पहले सड़क हादसे में निधन हो चुका है। रवीना अपने दो बच्चों के साथ भीलवाड़ा के ही आजाद नगर में रहती है।

घटना का खुलासा तब हुआ जब घर पर काम करने वाली नौकरानी ने 15 अक्टूबर को रवीना को सूचना दी कि 12 अक्टूबर से घर पर ताला लगा है और कोई नजर नहीं आ रहा है।

सीसीटीवी फुटेज से खुला आरोपियों का राज

पुलिस ने जब जांच आगे बढ़ाई तो सामने आया कि मृतका के पड़ोस में रहने वाला रवि तापड़िया अक्सर उनके यहां आता-जाता था। छानबीन के दौरान 12 अक्टूबर की शाम को कमला देवी और आरोपी रवि साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे में जाते हुए कैद मिले। पुलिस ने जब संदेही रवि से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने पहले तो बरगलाने की कोशिश की और कहा कि उसने बुजुर्ग महिला को बाजार छोड़ा था। लेकिन जब पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने उगले खौफनाक राज

मुख्य आरोपी रवि तापड़िया ने पुलिस को बताया कि उसकी नजर कमला देवी के पास मौजूद 15 तोला सोने की ज्वेलरी पर थी। इसी लालच में 12 अक्टूबर को घर पर अकेला पाकर उसने वृद्धा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले लिया। इसके बाद अपने साथी हीरा सिंधी के साथ मिलकर उसने बुजुर्ग महिला का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद वे सारी ज्वेलरी लूट ले गए और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को रवि के घर की छत पर ले गए। वहां बॉडी पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया गया। इसके बाद राख और बची हुई हड्डियां पालड़ी पुलिया के पास कोठारी नदी में फेंक दी गईं।

पुलिस ने मुख्य आरोपी रवि तापड़िया (43) और उसके सहयोगी हीरा सिंधी को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नदी से मृतका की हड्डियां भी बरामद कर ली हैं। इस दुखांतिका के बाद से मृतका के परिवार और पूरे इलाके में शोक व आक्रोश का माहौल है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................