महेंद्र खटीक बने जहाजपुर भाजपा नगर अध्यक्ष, विधायक मीणा के विश्वासपात्र को कमान
युवाओं में मजबूत पकड़, मिलनसार व्यक्तित्व और पार्टी के निर्विवाद चेहरे के रूप में मिली पहचान

जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) भारतीय जनता पार्टी ने जहाजपुर नगर अध्यक्ष पद पर महेंद्र खटीक को मनोनीत किया है। पार्टी के इस फैसले में स्थानीय विधायक गोपीचंद मीणा के करीबी होने का लाभ महेंद्र खटीक को मिला। वे युवाओं में अच्छी पकड़ रखने के साथ ही मिलनसार और पार्टी के एक निर्विवाद नेता के रूप में जाने जाते हैं।
महेंद्र खटीक का राजनीतिक सफर 2011 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से शुरू हुआ, जहां उन्होंने नगर मंत्री और तहसील संयोजक का दायित्व निभाया। 2017 में वे भीलवाड़ा जिले में सबसे कम उम्र में राज्य सरकार द्वारा पार्षद मनोनीत किए गए। इसके बाद भाजपा संगठन में लगातार सक्रिय रहे और नगर मंत्री व नगर महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
महेंद्र खटीक न केवल राजनीति में बल्कि सामाजिक संगठनों में भी अहम भूमिका निभाते रहे हैं। वे महाराणा प्रताप युवा स्मृति संस्थान के सचिव रहे और नवयुवक कला मंडल में सह-सचिव के रूप में योगदान दिया। खटीक समाज राष्ट्रीय एकता मंच के तहसील अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने समाजसेवा की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए।
नगर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद महेंद्र खटीक ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे संगठन को मजबूत करने और जनता की सेवा में पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उनके मनोनयन से कार्यकर्ताओं में उत्साह है और भाजपा की नगर इकाई को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।






