दौसा में अवैध धर्मांतरण पर हिंदू संगठनों का विरोध. प्रदर्शनकारियों ने बुलडोजर पर सवार होकर रैली भी निकाली
दौसा (रितीक शर्मा दौसा के गणेशपुर रोड पर स्थित अगापे फैलोशिप चर्च में अवैध धर्मांतरण की सूचना मिलने के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल सहित कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे. प्रदर्शनकारियों ने चर्च को घेर लिया और धर्मांतरण रोकने की मांग की. पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई, और नारेबाज़ी भी हुई. प्रदर्शन के दौरान, प्रदर्शनकारियों ने जेसीबी पर सवार होकर रैली भी निकाली. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण बनी रही.
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि चर्च में अवैध रूप से धर्मांतरण का खेल चल रहा है. इस पर पुलिस ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है.
हिंदू संगठनों ने जताई शांतिपूर्ण विरोध की मंशा
कार्यकर्ताओं ने कहा है कि उनका विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और वे किसी भी तरह की हिंसा नहीं चाहते. उनका केवल यही उद्देश्य है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और यदि धर्मांतरण की गतिविधियां हो रही हैं, तो उन्हें रोका जाए. उनका यह भी कहना है कि वे वर्षों से इस इलाके में साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखे हैं और आगे भी यही प्रयास रहेगा. लेकिन वे चुप नहीं बैठेंगे अगर किसी की आस्था के साथ खिलवाड़ होता है.

