केंद्रीय मंत्री ने खैरथल जाटव समाज के पदाधिकारियों से किया संवाद
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
सांसद और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने आज मंगलवार को दिल्ली में खैरथल तिजारा के जाटव समाज से जुड़े सदस्यों से संवाद किया। यादव ने कहा कि शिक्षा और खेल के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाना उनका उद्देश्य है। जाटव समाज संस्थान की खैरथल-तिजारा में महिला छात्रावास की मांग का उत्तर देते हुए यादव ने कहा कि केवल छात्रावास ही नहीं, क्षेत्र में महिलाओं की शिक्षा से लेकर कौशल विकास और छोटे उद्योग खड़े करने में मदद देने जैसे सभी प्रयास उनकी प्राथमिकताएँ हैं। वे खैरथल में एक महिला कौशल विकास केंद्र बना रहे हैं जहाँ न सिर्फ महिलाओं को प्रशिक्षण मिलेगा बल्कि उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों को मार्किट देने का प्रयास भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ट्रेनिंग सेंटर में महिलाओं को पॉटरी, कढ़ाई और जूतियाँ जैसे उत्पाद बनाने में प्रशिक्षण दिया जाएगा। यादव ने कहा हम महिलाओं को अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने में भी सहयोग करेंगे। इसके साथ अपने उत्पाद को बेचने के लिए बाज़ार मुहैया कराने की भी चिंता करेंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि खैरथल मैन्युफैक्चरिंग का गढ़ है इसलिए वहाँ पार्किंग, कार्यालय जैसी बुनियादी सुविधाएँ अनिवार्य हैं। जिले का मुख्यालय इन बिंदुओं को ध्यान में रखकर सभी की सहमति लेकर बनाया जाएगा। खैरथल के लोगों की यात्रा में सुगमता के लिए हमने दिल्ली सराय रोहिल्ला-बांद्रा गरीब रथ एक्सप्रेस और बाड़मेर-दिल्ली मलानी एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित किया है। उन्होंने खैरथल को दिल्ली से जोड़ने के लिए एक ट्रेन शुरू करने का भी विश्वास दिलाया। इस अवसर पर जाटव समाज संस्थान अध्यक्ष रामबाबू जाटव संस्थान के अन्य सदस्यों के साथ उपस्थित रहे।