ट्रैक्टर रैली निकाली, जिले का नाम बदलने पर जताया विरोध
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
खैरथल तिजारा जिले का नाम बदलकर भर्तृहरि नगर रखने और जिला मुख्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित करने की आशंका के विरोध में 8 अगस्त से संघर्ष समिति की ओर से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज बुधवार को खैरथल जिला बचाओ एवं मुख्यालय बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले एक विशाल ट्रैक्टर रैली के निकाली गई। रैली का नेतृत्व मुंडावर विधायक ललित यादव ने किया। यह रैली सुबह हनुमान सर्किल मातौर रोड से शुरू होकर महाराजा अग्रसेन सर्किल, रेलवे फाटक, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर सर्किल, जिला कलेक्टर कार्यालय होते हुए धरनास्थल तक पहुंची। रैली में किसान ट्रैक्टरों को लेकर काफी संख्या की तादाद में थे। मुंडावर विधायक ललित यादव के नेतृत्व में जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट को ज्ञापन सौपा गया। रैली में हजारों की संख्या में ग्रामीण काफी संख्या में ट्रैक्टर पहुंचे थे। इस दौरान खैरथल थाना पुलिस भारी संख्या मे मौजूद रही। इस मौके पर विधायक दीपचंद खेरिया, मुंडावर के पूर्व प्रधान रोहिताश चौधरी, विक्की चौधरी, जसवंत आर्य, शिवचरण गुप्ता, रामावतार चौधरी, ओमप्रकाश रोघा, पंकज रोघा, नारायण छंगानी, जयप्रकाश, रामचंद्र, कॉमरेड अखिलेश कौशिक मौजूद रहे। गौरतलब है कि जिले का नाम बदलने को लेकर खैरथल कस्बे में चार दिन अनिश्चितकालीन मार्केट बंद रहा था। शनिवार से नई अनाज मंडी के पार्क में प्रशासन द्वारा परमिशन मिलने के बाद धरना प्रदर्शन जारी है। धरनास्थल पर प्रतिदिन सुबह-शाम राष्ट्रगान किया जा रहा है। धरने का नेतृत्व कर रहे खैरथल संयुक्त व्यापार महासंघ अध्यक्ष ओमप्रकाश रोघा, किशनगढ़बास विधायक दीपचंद खेरिया, अनाज मंडी व्यापार समिति अध्यक्ष सर्वेश गुप्ता, नगर परिषद नेता प्रतिपक्ष विक्की चौधरी, मुंडावर के पूर्व प्रधान रोहिताश चौधरी और मुंडावर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट अखिलेश कौशिक, पंकज रोघा ने कहा कि खैरथल हर मापदंड पर जिला मुख्यालय के लिए उपयुक्त है। इसे कहीं और ले जाने का प्रयास जनभावनाओं के विपरीत होगा। उन्होंने साफ कहा कि मुख्यालय बचाने की लड़ाई लंबी चले तो भी आमजन पीछे नहीं हटेगा।


