तत्कालीन थानाधिकारी राजीव डूडी के खिलाफ न्यायालय ने दिए गिरफ्तारी के आदेश
मुंडावर (देवराज मीणा) मुंडावर की एसीजेएम न्यायालय ने तत्कालीन थाना इंचार्ज रहे इंस्पेक्टर राजीव डूडी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं। गिरफ्तारी के यह वारंट न्यायालय ने महिला अत्याचार में उनके खिलाफ लिए प्रसंज्ञान में कोर्ट ने बार-बार तलब करने के बावजूद उपस्थित नहीं होने के कारण जारी किए गए है। गिरफ्तारी वारंट के दौरान कोर्ट ने इंस्पेक्टर की चल अचल संपत्ति का ब्यौरा देने के भी निर्देश दिए हैं।
यह था मामला : 11 अप्रेल
2024 में सोडावास ग्राम पंचायत सरपंच सरजीत चौधरी के निवास पर बदमाशों ने फायरिंग की थी। फायरिंग से पहले सरपंच निवास की रैकी करने आरोप में पुलिस ने मुनिराज को आरोपी बनाया था। आरोपी मुनिराज को पकड़ने के लिए राजीव डूडी के नेतृत्व में पुलिस ने उनके घर पर दबिश दी थी। जिसमें आरोपी मुनिराज के परिजनों ने राजीव डूडी एवं पुलिस पर महिलाओं के साथ अत्याचार करने का वाद न्यायालय में दायर किया था। जिसमें कोर्ट ने धनी देवी बनाम राजीव डूडी मामले में प्रसंज्ञान लेते हुए एसीजेएम न्यायालय ने राजीव डूडी को कई बार तलब भी किया। बावजूद इसके उपस्थित नहीं होने पर गुरुवार को न्यायालय ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं।

