घूमर फेस्टिवल -2025 की तैयारियों हेतु बैठक आयोजित
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) आगामी 15 नवम्बर 2025 को प्रस्तावित संभाग स्तरीय घूमर फेस्टिवल-2025 के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) घनश्याम शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने कहा कि फेस्टिवल का उद्देश्य लोक संस्कृति को प्रोत्साहन देना, पर्यटन को बढ़ावा देना एवं स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय और सहयोग से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम भव्य एवं सफल बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी विभाग मिलकर कार्य करेंगे तो घूमर फेस्टिवल-2025 जिले की लोक संस्कृति, पर्यटन एवं कला को नई पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा।
विभिन्न विभागों से एजेंडा अनुसार चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल का चयन शीघ्र किया जाए। पुलिस विभाग को कानून व्यवस्था एवं पार्किंग प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर टेंट, लाइट, साउंड, फ्रेमवर्क, बैठक व्यवस्था एवं जलपान की जिम्मेदारी भरतपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम एवं उद्योग विभाग के सहयोग से पूरी की जाएगी। उन्होंने शिक्षा एवं महाविद्यालय विभाग को प्रतिभागियों के चयन एवं निर्णायक मंडल का चयन पारदर्शिता से करने के निर्देश दिये। उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को फेस्टिवल के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु मीडिया, सोशल मीडिया एवं इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि घूमर फेस्टिवल में सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा प्रतिभागियों का अधिकाधिक ऑनलाइन पंजीयन करवाया जाए। उन्होंने भरतपुर विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम को परिवहन व्यवस्था, स्थल की सफाई, मोबाइल टॉयलेट एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। पर्यटन संयुक्त निदेशक से प्रतिभागियों एवं विजेताओं को पुरस्कार वितरण समारोह की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान शहर सहायक पुलिस अधीक्षक पंकज यादव, पर्यटन संयुक्त निदेशक संजय जौहरी, ऐंकर अनुपमा चीमा सहित संबन्धित अधिकारी, व्यापार संघों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।