गोविन्दगढ़ में पुलिस ने साइबर ठग किया गिरफ्तार: फर्जी सेलीब्रिटी वीडियो से लोगों को बनाता था शिकार
एक एंड्रॉयड मोबाइल और दो सिम कार्ड किए जब्त
अलवर के गोविन्दगढ़ थाना क्षेत्र में 'ऑपरेशन साइबर संग्राम' के तहत एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया गया है। यह आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी सेलीब्रिटी वीडियो का उपयोग कर लोगों से ऑनलाइन ठगी करता था।
थानाधिकारी बने सिंह मीना ने बताया कि पुलिस ने हर्ष ईंट चिड़वाई के पास दबिश देकर आरोपी दीपक पुत्र चंद्रपाल (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया। वह डीग जिले के खोह थाना क्षेत्र के जटेरी का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल और दो सिम कार्ड जब्त किए हैं।
दीपक सोशल मीडिया पर फर्जी सेलीब्रिटी के वीडियो अपलोड करता था। वह लोगों को 'फाइल चार्ज' के नाम पर झांसा देकर उनसे ऑनलाइन पैसे ठगता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।