रुपये के लेनदेन के विवाद मे युवक पर जानलेवा हमला,घायल अलवर रैफ़र
अलवर (अनिल गुप्ता) रैणी थाना क्षेत्र के गांव परवेणी में रुपये के लेनदेन के विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। जानकारी के अनुसार जयदयाल मीणा जयपुर से दीपावली पर अपने गांव आया था। रास्ते में गांव के ही दिलखुश और हंसराज ने उसे रोक लिया और पूर्व में उधार दिए गए 2000 रुपये वापस मांगने लगे। जयदयाल ने रुपये लौटा दिए, लेकिन जब ब्याज के रूप में पेनल्टी मांगी गई तो उसने दो रुपये प्रति सैकड़ा के हिसाब से ब्याज भी चुका दिया। इसके बावजूद जब आरोपियों ने और पैसे की मांग की तो जयदयाल ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए उस पर पंच और फावड़े से हमला कर दिया। हमले में जयदयाल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे रैणी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर उसे अलवर के सामान्य चिकित्सालय रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर रैणी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


