विधायक सुखवंत सिंह ने की मदन राठौड़ से मुलाकात:विकास कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की, अलवर जिला अध्यक्ष भी रहे मौजूद
रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुखवंत सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ से मुलाकात की। ये बैठक सिविल लाइन स्थित प्रदेश कार्यालय में हुई, जिसमें विधायक ने रामगढ़ क्षेत्र के विकास कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की।
इस दौरान विधायक सुखवंत सिंह के साथ अलवर जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, रामगढ़ निवासी जिला महामंत्री नरेश गोयल और ऋषि राज शर्मा भी मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र में चल रही विभिन्न योजनाओं, सड़कों के निर्माण, शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और जल संसाधन से संबंधित मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
विधायक सुखवंत सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष को बताया- मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार की योजनाओं से प्रेरित होकर रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति पर प्रकाश डाला। साथ ही, आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयासों की जानकारी दी।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर ने विधायक द्वारा प्रस्तुत विकास योजनाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन हमेशा जनसेवा और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। राठौर ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी देने और जनहित में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

