बेखौफ चोरों का तांडव: 100 मीटर के दायरे में दो ज्वैलर्स के शटर तोड़कर लाखों के जेवरात और नकदी पार, पुलिस जांच में जुटी
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता
टहला थाना क्षेत्र के गोलाकाबास में सोमवार की देर रात बेखौफ चोरों ने पुलिस गश्त के दावों की हवा निकालते हुए दो ज्वैलरी शॉप्स को निशाना बनाया। चोरों ने महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित दोनों दुकानों के शटर को नीचे से तोड़कर ऊपर उठाया और अंदर घुसकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी समेटकर फरार हो गए। मंगलवार सुबह जब शटर टूटे मिले, तो इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
शटर उखाड़कर दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित दुकानदारों—बस स्टैंड स्थित 'सोनू ज्वैलर्स' के मालिक महेश चंद सोनी और नई कॉलोनी स्थित 'संदीप प्रजापत ज्वैलर्स' के मालिक संदीप प्रजापत ने बताया कि चोरों ने रात के अंधेरे में शटर की नालियों को नीचे से तोड़कर शटर ऊंचा किया और अंदर दाखिल हुए।
लाखों का माल पार
पीड़ित महेश चंद सोनी के अनुसार, चोर उनकी दुकान से चांदी की पायजेब, चुटकी, अंगूठी, पेंडिल, चूड़ियां, करीब 600 ग्राम पुरानी चांदी और सोने की बाली, दो अंगूठी, दो पेंडिल व ₹5,000 की नगदी ले उड़े। वहीं, संदीप कुमार की दुकान से चांदी की अंगूठी, पेंडिल, पायजेब, चैन, 350 ग्राम पुरानी चांदी सहित सोने के कांटे व बाली चोरी हो गए।
मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही गोलाकाबास पुलिस चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने टूटे शटर और आसपास के इलाकों से साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों दुकानदारों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है।

