खैरथल महाविद्यालय में उन्नति फाउंडेशन की ओर से हुआ इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स का शुभारंभ
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राजकीय महाविद्यालय खैरथल में करियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट समिति के तत्वावधान में उन्नति फाउंडेशन की ओर से बीए तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए इंग्लिश स्पीकिंग एवं पर्सनैलिटी डवलपमेंट कोर्स का आरंभ किया गया है। प्राचार्य डॉ. नीतू जेवरिया ने जानकारी दी कि राजस्थान सरकार द्वारा उच्च शिक्षा में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल विकास के उद्देश्य से राइजिंग राजस्थान कार्यक्रम में उन्नति फाउंडेशन के साथ किए गए एमओयू के अनुसार राजकीय महाविद्यालय खैरथल में बीए तृतीय वर्ष में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए विशेष कोर्स का आयोजन 15 दिसम्बर से किया जा रहा है।
उन्नति फाउंडेशन के प्रतिनिधि और अंग्रेजी भाषा के विशेषज्ञ अशोक कुमार आर्य ने बताया कि एक माह के कोर्स के दौरान उन्नति एक्सीलेंट प्रोग्राम (UNXT) के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अंग्रेजी भाषा में दक्ष बनाने और भविष्य में बहुराष्ट्रीय कंपनियों में अच्छे पदों पर नियुक्ति पाने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से युवाओं को इंग्लिश स्पीकिंग तथा व्यक्तित्व विकास की विविध तकनीकें सिखाई जाएँगी। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. दीपक कुमार ने राज्यसरकार तथा आयुक्तालय के दिशानिर्देशों के अनुसार चलाए जा रहे इस कार्यक्रम को युवाओं के व्यावसायिक जीवन के लिए एक क्रांतिकारी कदम बताया। विद्यार्थी रजनदीप, कुशाल जाटव, संजना, होनी हेड़ाऊ, अंजली, भारती आदि सभी विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम को कौशल विकास की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी बताया। स्टाफ सदस्य डॉ. सरस्वती मीणा, साक्षी जैन, राजवीर मीणा, मनोज गुप्ता, आशीष शर्मा, विक्रम सिंह आदि ने कार्यक्रम में अपना सहयोग प्रदान किया।

