गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत पीहर पक्ष ने ससुराल पर लगाया दहेज हत्या का आरोप
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मदनपुरी इलाके मे गर्भवती विवाहिता की फांसी लगाने से मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान गायत्री उर्फ मंजू के रूप में हुई है। मंजू का विवाह मई 2025 में मदनपुरी निवासी गौरव पुत्र पप्पू के साथ हुआ था ।
मृतका के पिता संतोष ने ससुराल पक्ष परआरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज को लेकर लगातार परेशान किया जा रहा था। आरोप है कि अंगूठी और अन्य सामान की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वाले उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। पीहर पक्ष का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है और विवाहिता को फांसी लगाकर मार दिया गया है।
परिजनों ने बताया कि गायत्री करीब छह से सात माह की गर्भवती थी, इसके बावजूद ससुराल पक्ष ने उस पर अत्याचार बंद नहीं किए। घटना की सूचना मिलने पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।