वीएमओयू दे रहा उच्च शिक्षा के अवसर; दो डिग्री कोर्स करने का सुनहरा मौका, 31 जनवरी तक ले सकेंगे प्रवेश, महिलाओं और कामकाजी युवाओं को मिलेगा लाभ
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय कोटा ने शैक्षणिक सत्र जनवरी 2026 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रम स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से यह विश्वविद्यालय महिलाओं, युवाओं, ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों और उच्च शिक्षा से वंचित वर्गों के लिए शिक्षा का मजबूत विकल्प है।
क्षेत्रीय केंद्र भरतपुर के निदेशक डॉ. जितेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि नए सत्र में कला, वाणिज्य, विज्ञान, शिक्षा, योग, पुस्तकालय विज्ञान, पत्रकारिता, प्रबंधन एवं कंप्यूटर सहित अनेक विषयों में प्रवेश दिए जा रहे हैं। ये पाठ्यक्रम न केवल अकादमिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि रोजगारोन्मुखी एवं कौशल विकास पर केंद्रित हैं।
महिला विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा
वीएमओयू की दूरस्थ शिक्षा प्रणाली महिलाओं और गृहणियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी सिद्ध हो रही है। महिला विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा फीस का पुनर्भरण राज्य सरकार द्वारा किया जायेगा ।
ऑनलाइन संसाधनों से उच्च शिक्षा को आसान बनाता वीएमओयू
भरतपुर क्षेत्रीय केन्द्र के सहायक कुलसचिव एस.बी. सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. बीएल वर्मा के मार्गदर्शन में उच्च शिक्षा को जन-जन और दूर दराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रवेश लेने हेतु निरंतर ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही है। विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। आवेदन करते समय डिजिटल किताबें लेने पर फीस में 15 फीसदी की छूट मिलेगी। डिजिटल अध्ययन सामग्री मोबाइल में डाउनलोड कर विद्यार्थी पढ़ाई कर सकते है।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
सहायक कुलसचिव एस बी सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों को प्रवेश लेने के लिए डेबआईडी बनानी होगी और जिसके लिए एबीसी आईडी का प्रयोग किया जायेगा। विश्वविद्यालय पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन प्रवेश लिंक पर क्लिक करना होगा, इससे पूर्व आवश्यक नियमों को विवरणिका के माध्यम से सुनिश्चित करने के उपरांत आगे बढ़ना होगा। छात्र को ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में अपनी डेब आईडी डालने पर आधार लिंक नाम, मोबाइल, लिंग ई-मेल आदि प्रदर्शित होने लगेगी। सही पाठ्यक्रम और अन्य आवश्यक जानकारी और दस्तावेज़ अपलोड करने के बाद विद्यार्थियों को ऑनलाइन नेट बैंकिंग व ई मित्र के द्वारा शुल्क जमा करना होगा। उन्होंने बताया कि नए छात्र फ्रेश एडमिशन के तौर पर और पूर्व पंजीकृत छात्र प्रमोटी लिंक पर क्लिक कर जमा कर 31 जनवरी 2026 तक प्रवेश ले सकते हैं। आवेदन सबमिट होने के बाद प्रिंट कॉपी जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी ।
विद्यार्थी सुविधा के लिए भरतपुर संभाग में कुल दस अध्ययन केंद्र स्थापित
क्षेत्रीय केंद्र भरतपुर के अधीन विभिन्न जिलों के राजकीय महाविद्यालयों करौली, गंगापुर सिटी, बयाना, सवाई माधोपुर, हिंडौनसिटी, डीग, भरतपुर और धौलपुर बनाये गये अध्ययन केन्द्रों पर विद्यार्थी अपनी सुविधानुसार अध्ययन केन्द्रों पर ऑनलाइन प्रवेश ले सकते है। सुदूर क्षेत्रों के छात्रों को भी तकनीक और जागरूकता कार्यक्रम के द्वारा दूरस्थ शिक्षा से उच्च शिक्षा प्राप्त करने की अपार संभावनाएँ हैं। प्रदेश से जुड़ी अन्य राज्यों की सीमाएँ जुड़ी होने के कारण वहाँ के भी विद्यार्थी वीएमओयू में मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।