पाला एवं शीतलहर की संभावना, फसलों को बचाने के लिए कृषि विभाग ने दिए सुझाव

Jan 13, 2026 - 13:47
 0
पाला एवं शीतलहर की संभावना, फसलों को बचाने के लिए कृषि विभाग ने दिए सुझाव
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिले में विगत दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसके चलते पाला पड़ने की संभावना बनी हुई है। पाला एवं शीतलहर से फसलों को होने वाले नुकसान से बचाव के लिए किसानों को समय रहते आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
उप निदेशक उद्यान जनक राज मीना ने बताया कि पाला पड़ने की आशंका होने पर फसलों में हल्की सिंचाई अवश्य करें। उद्यानिकी फसलों में लो-टनल का उपयोग किया जा सकता है अथवा खेत के उत्तर-पश्चिम दिशा में वायुरोधी टाटिया (घास-फूस अवरोधक) लगाकर ठंडी हवा के प्रभाव को कम किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त उद्यानिकी फसलों पर घुलनशील गंधक 0.2 प्रतिशत (2 ग्राम प्रति लीटर पानी) की दर से अथवा थायो यूरिया 500 पी.पी.एम. (आधा ग्राम प्रति लीटर पानी) का छिड़काव करने की सलाह दी गई है।
पाला से नुकसान हो जाने पर क्या करें-
उप निदेशक ने बताया कि यदि इसके बावजूद भी किसी फसल में पाले से नुकसान प्रतीत होता है, तो किसान भाई तुरंत खड़ी फसल पर 25 से 30 ग्राम ग्लूकोज प्रति 15 लीटर पानी की दर से छिड़काव करें। साथ ही एन.पी. के 18ः18ः18 अथवा 19ः19ः19 अथवा 20ः20ः20 में से किसी एक उर्वरक की 100 ग्राम मात्रा प्रति 15 लीटर पानी में 25 ग्राम माइक्रोन्यूट्रिएंट मिलाकर छिड़काव करने से पाले से होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
पाला पड़ने की अधिक संभावना कब होती है-
उन्होंने बताया कि सर्दी के मौसम में जब तापमान 4-5 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर जाए, दोपहर बाद हवा का बहाव बंद हो जाए तथा आसमान साफ हो, तो ऐसी रात में पाला पड़ने की संभावना अधिक रहती है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखें और समय रहते बताए गए उपाय अपनाकर अपनी फसलों को सुरक्षित रखें।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................