भरतपुर में जुटेगा कृषि वैज्ञानिकों का महाकुंभ: 17-18 अगस्त को राई-सरसों की अखिल भारतीय वार्षिक समूह बैठक
भरतपुर | कोश्लेंद्र दत्तात्रेय
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् (ICAR) के तत्वावधान में भारतीय सरसों अनुसंधान संस्थान (DRMR), भरतपुर के आतिथ्य में 17 एवं 18 अगस्त को राई-सरसों की अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना की वार्षिक समूह बैठक का भव्य आयोजन किया जाएगा। डीग रोड स्थित होटल अमर विला में आयोजित होने वाली इस दो दिवसीय राष्ट्रीय बैठक में देशभर के विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों के शीर्ष वैज्ञानिक एवं कृषि विशेषज्ञ भाग लेंगे।
इन प्रमुख वैज्ञानिक विषयों पर होगी विस्तृत चर्चा संस्थान के निदेशक डॉ. विजय वीर सिंह ने बताया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य देश में राई-सरसों की उत्पादकता और गुणवत्ता में सुधार लाना है। संगोष्ठी में उन्नत किस्मों व संकरों (हाइब्रिड) के विकास, फसलों को कीट एवं रोगों से बचाने की तकनीकों, बदलते जलवायु परिवर्तन के अनुकूल खेती तथा भविष्य की वैज्ञानिक प्राथमिकताओं पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। इस दौरान पिछले वर्ष के अनुसंधान कार्यों की समीक्षा कर आगामी वर्ष की ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
17 अगस्त को आयोजित होगी विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस बैठक में निकलकर आए प्रमुख निष्कर्षों और कृषक हितैषी उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए 17 अगस्त को प्रातः 11 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। प्रेस वार्ता में नई दिल्ली से पधारे ICAR के उप महानिदेशक (फसल विज्ञान) डॉ. देवेन्द्र कुमार यादव एवं सहायक महानिदेशक (तिलहन एवं दलहन) डॉ. एस. के. झा मीडिया से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान सरसों अनुसंधान की नवीनतम तकनीकों और किसानों के लाभार्थ विकसित नई किस्मों की आधिकारिक जानकारी दी जाएगी।

