कठूमर में जाम की समस्या का समाधान; नगर पालिका ने अतिक्रमण हटाओ चलाया अभियान, जुर्माना भी लगाया
कठूमर (दिनेश लेखी) नगरपालिका प्रशासन ने यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के उद्देश्य से स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान बाजारों, सड़कों व अन्य सार्वजनिक स्थानों से दुकानों के बाहर रखे तख्त, पट्टियां व अन्य अतिक्रमण हटवाए गए।
- जुर्माना भी लगाया गया
वरिष्ठ सहायक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि अतिक्रमण विरोधी दस्ते द्वारा खेरली रोड, अहिंसा सर्किल, लक्ष्मणगढ़ रोड, मुख्य बाजार, सब्जी मंडी सहित विभिन्न स्थानों पर दुकानों व सड़क पर रखे गए तख्त व अन्य सामान को हटाया गया।
नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर मौके पर ही जुर्माना लगाया गया।
- यातायात जाम की समस्या का समाधान
गौरतलब है कि मुख्य बाजार में तहसील के सामने आड़ी-तिरछी बाइक खड़ी करने तथा दुकानदारों द्वारा सड़क पर तख्त आदि रखने के कारण आए दिन यातायात जाम की समस्या बनी रहती थी। इसी को देखते हुए नगरपालिका प्रशासन ने यह कार्रवाई की।
- नगरपालिका की टीम मौजूद रही
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान नगरपालिका की टीम में कपिल मीणा, पवन शर्मा, विक्रम सिंह, ब्रजमोहन शर्मा, अफसाना बानों, जीतू शर्मा और लवेश मित्तल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।