भरतपुर के 293वें स्थापना दिवस पर 13 से 19 फरवरी तक होंगे भव्य आयोजन
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भरतपुर के 293वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 13 फरवरी से 19 फरवरी तक सात दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इन आयोजनों में सांस्कृतिक, धार्मिक, खेल, सामाजिक एवं जनजागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम शामिल होंगे।
एडीएम सिटी राहुल सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थापना दिवस महोत्सव की शुरुआत 13 फरवरी को प्रातः 8.30 बजे गायत्री शक्ति पीठ, किला में जन महायज्ञ से होगी। इसी दिन दोपहर 12 बजे एमएसजे कॉलेज में युवा शक्ति एवं उद्योग प्रगति कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोपहर 3 बजे महाराजा सूरजमल जयंती के अवसर पर महाराजा सूरजमल स्मारक, किशोरी महल में पुष्पांजलि एवं संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। साथ ही महावीर समिति द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों का वितरण भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 13 से 19 फरवरी तक सम्पूर्ण भरतपुर शहर में स्वच्छता सप्ताह के अंतर्गत विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 एवं 15 फरवरी को प्रातः 7 बजे केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान में भ्रमण, प्रातः 8 बजे रस्साकशी एवं दौड़ प्रतियोगिता तथा प्रातः 10 बजे घना बर्ड फेस्टिवल एवं फोटोग्राफी प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विश्व प्रसिद्ध शास्त्री पार्क में 14 से 16 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से तीन दिवसीय फ्लावर शो आयोजित किया जाएगा। इसी अवधि में डिस्ट्रिक्ट क्लब में लॉन्ग टेनिस, बैडमिंटन एवं शतरंज की खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। 16 फरवरी को राजकीय संग्रहालय, किला में प्रातः 9 बजे से चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, वहीं सायं 4 बजे प्रेम गार्डन में भजन संध्या का आयोजन होगा। 17 फरवरी को प्रातः 10 बजे से नई मंडी में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। दोपहर 3 बजे बीडीए ऑडिटोरियम में रामायण आधारित एकल सुरताल कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। 18 फरवरी को प्रातः 9 बजे बिहारी जी मंदिर में महाआरती का आयोजन होगा। इसके पश्चात प्रातः 10 बजे टाउन हॉल, किला में मास्टर आदित्येन्द्र स्मृति भाषण प्रतियोगिता के अंतर्गत “मोबाइल की लत और उसके दुष्प्रभाव” विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सायं 6 बजे श्री बांके बिहारी जी मंदिर से किशोरी महल तक भव्य दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
संयुक्त निदेशक पर्यटन संजय जौहरी ने बताया कि महोत्सव के समापन दिवस 19 फरवरी को प्रातः 7 बजे नगर निगम के प्रमुख चौराहों पर रंगोली सजावट कार्यक्रम, प्रातः 7.30 बजे स्वाभिमान मार्च तथा प्रातः 9 बजे पुष्पांजलि एवं मंच व्यवस्था कार्यक्रम आयोजित होंगे। सायंकाल 6 बजे विश्व प्रसिद्ध शास्त्री पार्क में भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रसिद्ध इंडियन प्लेबैक सिंगर रविन्द्र उपाध्याय अपनी प्रस्तुति देंगे। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे स्थापना दिवस के इन आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर जिले की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को सम्मान प्रदान करें।
---00---

